Tuesday, 20 September 2016

तीन अजब बातों का गजब चमत्कार


न्यायप्रिय राजा हरि सिंह बेहद बुद्धिमान थे। वह प्रजा के हर सुख-दुख की चिंता अपने परिवार की तरह करते थे। लेकिन कुछ दिनों से उनको स्वयं के कार्य से असन्तुष्टि हो रही थी। उन्होंने बहुत प्रयत्न किया कि वह अभिमान से दूर रहें पर वह इस समस्या का हल निकालने में असमर्थ थे।

एक दिन राजा जब प्रखरबुद्धि के पास गए तो राजगुरु राजा का चेहरा देखते ही उनके मन में हो रही इस परेशानी को समझ गए। उन्होंने कहा, 'राजन यदि तुम मेरी तीन बातों को हर समय याद रखोगे तो जिंदगी में कभी भी असफल नहीं हो सकते।'

प्रखरबुद्धि बोले 'पहली बात, रात को मजबूत किले में रहना। दूसरी बात, स्वादिष्ट भोजन ग्रहण करना और तीसरी, सदा मुलायम बिस्तर पर सोना।' गुरु की अजीब बातें सुन कर राजा बोला, 'गुरु जी, इन बातों को अपनाकर तो मेरे अंदर अभिमान और भी अधिक उत्पन्न होगा।' इस पर परखरबुद्धि मुस्करा कर बोले,'तुम मेरी बातों का अर्थ नहीं समझे। मैं तुम्हे समझाता हूँ।

पहली बात-सदा अपने गुरु के साथ रहकर चरित्रवान बने रहना। कभी बुरी आदत के आदी मत होना। दूसरी बात, कभी पेट भरकर मत खाना जो भी मिले उसे प्रेमपूर्वक खाना। खूब स्वादिष्ट लगेगा। और तीसरी बात, कम से कम सोना। अधिक समय तक जागकर प्रजा की रक्षा करना।

जब नींद आने लगे तो राजसी बिस्तर का ध्यान छोड़कर घास, पत्थर, मिट्टी जहां भी जगह मिले वहीँ गहरी नींद सो जाना। ऐसे में तुम्हें हर जगह लगेगा कि मुलायम बिस्तर पर हो। बेटा, यदि तुम राजा की जगह त्यागी बनकर अपनी प्रजा का ख्याल रखोगे तो कभी भी अभिमान, धन व राजपाट का मोह तुम्हें नहीं छू पाएगा।' अहंकार बुद्धि को धीरे-धीरे नष्ट कर देता है। राजा को भी अहंकार होने लगा था। ऐसे में राजा ने तो राजगुरु से परामर्श कर अपनी परेशानी का हल निकाल लिया पर अगर आप इस परेशानी से जूझ रहे हों तो जल्द ही अपने मन के रावण रूपी अहंकार को निकाल कर राम नाम का जप कर जिंदगी को खुशहाल बनाएं ताकि आप हमेशा खुशी के पलों को महसूस कर सकें।

No comments:

Post a Comment

सांपों के देश में एक ऐसा नेवला

सांपों के देश में एक ऐसा नेवला पैदा हो गया, जो सांप तो क्या, किसी भी जानवर से लड़ना नहीं चाहता था। सभी नेवलों में यह बात फैल गई। आखिरकार एक ...